चंडी (नालंदा दर्पण)। नालंदा पुलिस ने चंडी थाना क्षेत्र के माहो गांव में हुई लूट की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार बीते 20 मई की रात चंडी थाना को सूचना मिली थी कि राजनंदन कुमार से हथियार का भय दिखाकर उनकी मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 4500 रुपये नकद लूट लिये गये हैं। पीड़ित के आवेदन पर चंडी थाना में कांड संख्या 344/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हिलसा-01 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान मुकेश जमादार उर्फ लेमपटी निवासी रामघाट महम्मदपुर थाना नगरनौसा तथा अभिषेक कुमार निवासी मुहद्दीनगर थाना नगरनौसा को गिरफ्तार किया। इसके अलावा तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके विरुद्ध नगरनौसा थाना में कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल सभी आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। छापेमारी दल में चंडी थाना अध्यक्ष अखलेश कुमार झा, नगरनौसा थाना अध्यक्ष शशिभूषण कुमार मिश्रा, राहुल कुमार, आनंद कुमार, श्वेता कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।






