राजगीर मलमास मेला में बड़ा हादसा: अवैध सुनामी झूले से गिरकर युवक की मौत
राजगीर (नालंदा दर्पण)। राजगीर मलमास मेला में सोमवार (25 मई 2026) की देर रात करीब पौने 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेला क्षेत्र में लगे ‘सुनामी’ नामक बड़े झूले पर सेल्फी लेते समय एक युवक करीब 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी ईलाज के दौरान विम्स पावापुरी में मौत हो गई।
घायल युवक की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के विक्कू गांव निवासी विपिन कुमार के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमन झूले पर चढ़कर मस्ती कर रहा था और सेल्फी लेने के चक्कर में असंतुलित होकर गिर पड़ा। हादसा होते ही मेला क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों और मेला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल अमन कुमार को तुरंत घटनास्थल से निकालकर राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बनी रहने के कारण बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया। जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो जाने की सूचना है।
मेला थाना प्रभारी जीतेन्द्र राम ने बताया कि हादसा गंभीर है। घटना के समय झूला बिना अनुमति संचालित किया जा रहा था। सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र में लगे सभी छह झूलों (सुनामी सहित बड़े-बड़े झूलों) को तुरंत बंद करा दिया गया है। प्रशासन ने बिना अनुमति संचालित झूलों की जांच शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
जानकारों के अनुसार मेला में केवल नौ खेल-तमाशा संचालकों को अनुमति दी गई थी। सुरक्षा मानकों, कर्मचारियों की मौजूदगी और निरीक्षण पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हादसे के बाद मेला प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की निगरानी पर भी चर्चा हो रही है।
राजगीर मलमास मेला धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हजारों श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं। हाल ही में तेज आंधी-बारिश से भी मेला प्रभावित हुआ था, जिसमें कुछ झूलों का संचालन पहले ही प्रभावित हो चुका था। इस हादसे से मेला की रौनक पर असर पड़ा है और मनोरंजन के साधनों पर रोक लग गई है।






