
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। एसटीएफ और इस्लामपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सुहावनपुर सुढी गांव में छापेमारी कर हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण, एक देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद किया। मौके से अवैध हथियार निर्माण के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
इस्लामपुर के डीएसपी कुमार ऋषिराज ने बताया कि सुहावनपुर सुढी गांव निवासी रमण विश्वकर्मा (पिता- स्व. अर्जुन विश्वकर्मा) के घर पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान सामने आया कि वह लोहे का गेट और खिड़की बनाने की आड़ में अवैध रूप से देशी हथियार तैयार करने का धंधा चला रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो ग्राइंडर मशीन, तीन ड्रिल मशीन, एक वेल्डिंग मशीन, एक हैमर, कट्टा निर्माण में प्रयुक्त दो स्प्रिंग तथा अन्य कई उपकरण बरामद किए। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार रमण विश्वकर्मा पहले भी अवैध हथियार निर्माण के एक मामले में जेल जा चुका है। वह पूर्व से आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसका नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ, डीआईयू शाखा की टीम के साथ इस्लामपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष राम कुमार पाल, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार राय, शफी उल्लाह अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक रामाश्रेय कुमार तथा पुलिसकर्मी पिंटू कुमार, संतोष कुमार, सुभाष कुमार, शिवशंकर कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
- कतरीसराय थाना के पास चल रहा था अंग्रेजी शराब का कारोबार
- साइबर सेल अधिकारी बनकर युवक का अपहरण
- नगरनौसा डिग्री कॉलेज को लेकर पुलिस पर पथराव
- गंगा बिगहा के पास दर्दनाक सड़क हादसा
- बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल में हर स्तर पर वसूली के आरोप






