नगरनौसा MDM कांड: DEO ने मध्य विद्यालय कैला के सभी शिक्षकों से मांगा जवाब
बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय कैला में मध्याह्न भोजन (MDM) खाने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के बीमार होने के मामले में जिला शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) नालंदा ने विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका समेत वहां पदस्थापित सभी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
डीईओ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के 05 फरवरी 2026 के निर्देश के अनुसार विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता, मात्रा एवं छात्र उपस्थिति की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भोजन परोसने के बाद निर्धारित प्रपत्र भरना अनिवार्य किया गया था। इस प्रपत्र पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित उपस्थित सभी शिक्षकों के हस्ताक्षर आवश्यक थे।
निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया था कि यदि कोई शिक्षक भोजन की गुणवत्ता, मात्रा या बच्चों की संख्या को लेकर असहमत हो तो उसे अपनी आपत्ति लिखित रूप में दर्ज करनी होगी। साथ ही, हस्ताक्षर नहीं करने वाले शिक्षक को अनुपस्थित माना जाएगा।
जांच के दौरान यह सामने आया कि विद्यालय में पदस्थापित 10 शिक्षकों में से केवल कुछ शिक्षकों के ही हस्ताक्षर संबंधित प्रमाण पत्र में पाए गए। इतना ही नहीं, पूर्व माह के कई अभिलेख भी संधारित नहीं मिले। विभाग ने इसे सरकारी आदेशों की घोर अवहेलना माना है।
डीईओ ने अपने पत्र में कहा है कि शिक्षकों का यह रवैया सरकारी कर्मी के कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और विभागीय निर्देशों की अनदेखी को दर्शाता है। उन्होंने सभी संबंधित शिक्षकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब देने को कहा है, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ज्ञात हो कि हाल ही में मध्य विद्यालय कैला में मध्याह्न भोजन खाने के बाद कई छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया था।
- नगरनौसा MDM मामला: BEO ने दर्ज कराई अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR !
- नगरनौसा MDM कांडः डॉक्टर के बयान ने बढ़ाई प्रशासन की मुश्किलें!
- कैला मिडिल स्कूल में MDM खाने से शिक्षक समेत 50 से अधिक बच्चे बीमार






