कतरीसरायआवागमननालंदाफीचर्डबिग ब्रेकिंगबिहार शरीफभ्रष्टाचार

10 साल पुराना नालंदा-शेखपुरा पुल धंसा! प्रशासन ने सड़क पर खड़ी की दीवार!

नालंदा दर्पण डेस्क। बिहार में करोड़ों रुपये की लागत से बने पुलों की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नालंदा जिले के दरियापुर के पास सकरी नदी पर बना लगभग 10 साल पुराना पुल अचानक जर्जर होकर धंसने लगा है। हालात इतने खतरनाक हो चुके हैं कि जिला प्रशासन ने पुल के दोनों ओर ईंट की दीवार खड़ी कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है।

यह पुल बिहारशरीफ-कतरीसराय मुख्य मार्ग पर स्थित है और नालंदा के पूर्वी हिस्से को शेखपुरा व बरबीघा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन माना जाता था। पुल बंद होने के बाद अब लोगों को शाहपुर होकर लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है। इससे दर्जनों गांवों के हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के पीलरों के नीचे से मिट्टी खिसक चुकी है और कई पीलरों में झुकाव साफ दिखाई दे रहा है। पुल के कुछ हिस्सों में कंक्रीट टूटने और सरिया बाहर निकलने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

हाल ही में एनआईटी और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की संयुक्त तकनीकी टीम ने निरीक्षण के बाद इसे अत्यंत खतरनाक घोषित किया है। रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाना ही सुरक्षित विकल्प होगा।

फिलहाल प्रशासन नदी में मिट्टी डालकर अस्थायी कच्चा डायवर्सन बनाने की तैयारी में जुटा है, ताकि हल्के वाहनों की आवाजाही किसी तरह बहाल की जा सके। हालांकि स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि मॉनसून शुरू होने के बाद यह अस्थायी व्यवस्था कितने दिन टिक पाएगी।

इधर हाल के दिनों में बिहार में पुलों और सेतुओं की खराब स्थिति लगातार चर्चा में रही है। भागलपुर के विक्रमशिला सेतु का हिस्सा टूटने के बाद भी प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी थी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस पुल की उम्र कम से कम 50 साल मानी जाती है, वह महज 10 साल में ही जर्जर कैसे हो गया? क्या निर्माण में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार हुआ? और अगर हुआ तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी?

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.