नगरनौसानालंदाफीचर्डबिग ब्रेकिंगभ्रष्टाचारशिक्षाहिलसा

नगरनौसा MDM मामला: BEO ने दर्ज कराई अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR !

नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा प्रखंड के मध्य विद्यालय कैला में मिड डे मील खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने के मामले ने अब प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर हलचल बढ़ा दी है। घटना को गंभीर मानते हुए नगरनौसा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राजीव रंजन तिवारी ने नगरनौसा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार विद्यालय में मिड डे मील ग्रहण करने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बच्चों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

इधर इस पूरे मामले में भोजन आपूर्ति करने वाली संस्था ‘एकता शक्ति फाउंडेशन’ की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि एनजीओ स्तर पर लापरवाही अथवा किसी प्रकार की साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि संबंधित एनजीओ हरनौत विधायक हरिनारायण सिंह के घर से संचालित होता है, जिसके कारण प्रशासनिक स्तर पर बचाव की कोशिश की जा रही है।

वहीं स्वास्थ्य विभाग ने मामले को अलग दिशा दे दी है। नगरनौसा स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. धनेश कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में बच्चों में फूड प्वाइजनिंग जैसे स्पष्ट लक्षण नहीं मिले हैं। अधिकांश बच्चों में तेज गर्मी, लू और डिहाइड्रेशन के लक्षण पाए गए हैं।

डॉ. कुमार के इस बयान के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एक ओर अभिभावक मिड डे मील की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग इसे मौसम जनित समस्या बता रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.