
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। खुदागंज थाना क्षेत्र के शोभा बिगहा गांव में बदमाशों ने एक ट्रक चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर इस्लामपुर-खुदागंज मार्ग को जाम कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी, मुआवजा तथा परिवार की सुरक्षा की मांग करने लगे। करीब आठ घंटे बाद प्रशासन के प्रयास से जाम हटाया जा सका और यातायात सामान्य हुआ।
परिजनों के अनुसार मृतक की पहचान शोभा बिगहा गांव निवासी रंजन कुमार (22) के रूप में हुई है। तीन भाइयों में सबसे छोटे रंजन कुमार गया से रांची के बीच ट्रक चलाते थे। परिजनों ने बताया कि छुट्टी लेकर वह 18 सितंबर को घर आए थे। रविवार को मेला में गाय-मवेशी बेचने के बाद वह घर लौटे थे।
बताया गया कि घर से करीब 50 गज की दूरी पर गौशाला के समीप रंजन खड़े थे। इसी दौरान कथित तौर पर चार-पांच बदमाश वहां पहुंचे और उनसे पांच हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने कथित रूप से उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद रंजन गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल रंजन को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपित कथित रूप से फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। ग्रामीण आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को मुआवजा और सुरक्षा की मांग कर रहे थे। जाम के कारण इस्लामपुर-खुदागंज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही करीब आठ घंटे तक प्रभावित रही।
मृतक की पत्नी कविता देवी और चार माह का एक पुत्र है। परिजनों ने 24 घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई, मुआवजा और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। रंजन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ जाने से ग्रामीण भी भावुक नजर आए।
डीएसपी राम दुलार प्रसाद ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
- नगरनौसा के लोदीपुर में नाली निर्माण में धांधली को लेकर जिम्मेवार लोग मौन!
- नगरनौसा में मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा, CMO और PMO से जांच कार्रवाई की मांग
- लोदीपुर में 5.60 लाख की योजना पर सवाल, वार्ड सदस्य समेत ग्रामीणों ने DM से की शिकायत
- पहले JCB से खोदी सड़क, फिर हुआ जियो टैग! लोदीपुर में ‘विकास के गड्ढे’ ने खड़े किए गंभीर सवाल
- 2 करोड़ की उड़ाही के बाद भी सूखा जलाशय, आधे तालाब की खुदाई में पूरी हुई योजना?






