Friday, February 13, 2026
अन्य

    राजगीर नगर परिषद ने लगाई इन कार्यों पर मुहर, पार्षदों को मिले लैपटॉप

    राजगीर (नालंदा दर्पण)। राजगीर नगर परिषद की सभापति जीरो देवी की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य बैठक में नगर के समग्र विकास और जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। इस बैठक में कुल 10 एजेंडों पर सहमति बनी और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के समापन के बाद सभापति, उपसभापति और सभी वार्ड पार्षदों को डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए करीब 40-40 हजार रुपये की कीमत के लैपटॉप वितरित किए गए।

    बैठक में नगर परिषद द्वारा अब तक किए गए विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और क्रय से संबंधित भुगतानों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। नगर में नई स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना और विद्युत बिलों के भुगतान को आंतरिक मद से पूरा करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त आगामी सर्दियों में गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।

    शहर के आधारभूत ढांचे को और सुदृढ़ करने के लिए बैठक में कई प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। नए रोड, नाली-गली, पुल-पुलिया और चबूतरों के निर्माण के साथ-साथ पुराने ढांचों की मरम्मत को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र में सामुदायिक भवनों के निर्माण और मरम्मत के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

    बैठक में पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। तालाबों, पार्कों, नदियों, आहरों और पोखरों के जीर्णोद्धार के लिए योजनाओं को मंजूरी दी गई। इन कार्यों से न केवल स्थानीय पर्यावरण को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, बल्कि जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

    शहर में यातायात प्रबंधन को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए गहन मंथन किया गया। विशेष रूप से गिरियक रोड पर टेंपो और ई-रिक्शा स्टैंड के निर्माण पर विचार-विमर्श हुआ, जिससे यातायात व्यवस्था को सुगम और सुविधाजनक बनाया जा सके।

    बैठक में विकासशील नगर निगमों और नगर परिषदों के वार्ड पार्षदों के लिए भ्रमण कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही शहर में सार्वजनिक पुस्तकालय के निर्माण और कानजी हौस की जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स विकसित करने के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। सशक्त स्थायी समिति की पूर्व बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि भी की गई।

    बैठक में उपसभापति मुन्नी देवी, वरीय वार्ड पार्षद अनिल कुमार, महेंद्र यादव, श्याम नारायण प्रसाद, अनीता सिन्हा सहित सभी वार्ड पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार मौजूद थे। बैठक के बाद सभी प्रतिभागियों ने नगर परिषद के खजाने से एक स्थानीय होटल में सामूहिक भोज का भी आनंद लिया।

    Nalanda Darpanhttps://nalandadarpan.com/
    नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    आपकी खबरें

    error: Content is protected !!