रंगे हाथ धराए प्रेमी-प्रेमिका की मंदिर में जबरन शादी, थाना में चला घंटों ड्रामा
बेन (नालंदा दर्पण)। बेन थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। गांव वालों ने प्रेमी जोड़े की मंदिर में जबरन शादी करा दी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
मिली जानकारी के अनुसार परवलपुर थाना क्षेत्र के धनामा गांव निवासी छोटे राम के पुत्र नीतीश कुमार का प्रेम संबंध बेन थाना क्षेत्र के सौरे गांव निवासी अजय राम की पुत्री अंजली कुमारी से चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों के बीच पहले से बातचीत होती थी और एक-दूसरे से मिलने का सिलसिला जारी था।
इसी बीच, जब युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद गांव में हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों और लड़की पक्ष के परिजनों ने तत्काल दोनों को पकड़कर नजदीकी मंदिर ले गए, जहां लड़के की इच्छा के विरुद्ध उसकी मांग में सिंदूर भरवाकर शादी करा दी गई।
घटना की सूचना लड़के के परिजनों को दी गई, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे। इसके बाद मामला बेन थाना पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक और हंगामा चलता रहा। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार और पुलिस पदाधिकारी रवि प्रताप ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और बातचीत के बाद लड़के के माता-पिता ने अनिच्छा के बावजूद शादी को स्वीकार करने की सहमति दी। हालांकि कुछ बातों को लेकर लड़की पक्ष से विवाद बढ़ गया, जिससे नाराज होकर लड़के के परिजन लड़की को अपने साथ ले जाने से पीछे हट गए।
अंततः पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लड़की पक्ष से बांड भरवाया और दोनों युवक-युवती को फिलहाल कन्या पक्ष के हवाले कर दिया। इस घटना ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है और पारिवारिक मान्यताओं के बीच टकराव को उजागर किया है।
- नालंदा से बीकानेर तक फैला मानव तस्करी का जाल, दो नाबालिग बरामद, 4 गिरफ्तार
- राजगीर में अनाज घोटाला की गूंज: गोदाम की सहायक प्रबंधक और परिवहन अभिकर्ता पर FIR दर्ज






