इस्लामपुर में दो स्कूली छात्रों के अपहरण का प्रयास, बहादुर निकले बच्चे
मुहाने नदी पुल के पास बाइक सवार दो लोगों ने 10 वर्षीय छात्र को बाइक पर बैठाने का किया प्रयास, जाम में फंसने पर बच्चे बच निकले; पुलिस कर रही मामले की जांच

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के अटासराय गांव के दो स्कूली छात्रों के अपहरण का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्चों और उनके परिजनों में भय का माहौल है। परिजनों ने मामले की सूचना इस्लामपुर थाना पुलिस को दी है, जिसके बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
पीड़ित छात्र के पिता सूरज कुमार के अनुसार बुधवार को उनका 10 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ कुमार अपने चचेरे भाई 12 वर्षीय प्रियांशु कुमार के साथ पैदल इस्लामपुर शहर के बाला पर स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ने जा रहा था। दोनों बच्चे दूसरी कक्षा के छात्र बताए गए हैं।
परिजनों के मुताबिक मुहाने नदी पुल के समीप पहुंचने पर सफेद रंग की बाइक पर सवार दो लोगों ने सिद्धार्थ को कथित तौर पर जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। बाइक सवारों ने बच्चे से कहा कि वे उसे स्कूल पहुंचा देंगे। हालांकि, सिद्धार्थ को उनकी बात पर संदेह हुआ और उसने किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भागना शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद बाइक सवार दोनों लोग बच्चे का पीछा करने लगे। इसी दौरान रास्ते में जाम लग जाने के कारण बाइक सवार उसमें फंस गए। इसका फायदा उठाकर दोनों बच्चे वहां से निकलने में सफल रहे और किसी तरह अपने घर पहुंचे। घर पहुंचने के बाद बच्चों ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के पिता ने इस्लामपुर थाना में इसकी सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाइक सवारों का वास्तविक उद्देश्य क्या था। फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई है।






