प्रेम-प्रसंग: चिकसौरा में पत्नी के विरोध पर युवक ने सिर में मारी गोली

चिकसौरा (नालंदा दर्पण)। बीती रात नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शाहबाजपुर निवासी रामजी यादव का पुत्र 22 वर्षीय युवक श्रीकांत ने अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सूत्रों के अनुसार श्रीकांत ने देर रात अपने पिता के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। इसके बाद उसने अपने सिर में गोली मार ली। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल पर कोई हथियार नहीं मिला, जिसके कारण आत्महत्या का संदेह और गहरा गया है।

पुलिस के अनुसार गोली दाहिने हाथ से सिर के दाहिने हिस्से में मारी गई और गोली सिर के बाईं ओर से निकल गई, जो आत्महत्या के संकेत देता है।

गांव में चर्चा है कि श्रीकांत का किसी युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसका उसकी पत्नी लगातार विरोध करती थी। इस प्रेम-प्रसंग को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। श्रीकांत की पत्नी पटना जिले के मसौढ़ी की रहने वाली है।

सूत्रों का कहना है कि इस विवाद के कारण श्रीकांत लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) में था, जिसने उसे इस आत्मघाती कदम की ओर धकेल दिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के सटीक कारण की पुष्टि नहीं की है और मामले की गहन जांच जारी है।

चिकसौरा थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत या आवेदन थाने में प्राप्त नहीं हुआ है। घटनास्थल की जांच के आधार पर यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आवेदन प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने भी अभी तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

बहरहालयह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज में बढ़ते मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह के मुद्दों को भी उजागर करती है। प्रेम-प्रसंग और वैवाहिक जीवन में संतुलन न बना पाने की स्थिति अक्सर गंभीर परिणामों को जन्म देती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में मनोवैज्ञानिक सहायता और परिवार के बीच खुली बातचीत बेहद जरूरी है।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि श्रीकांत की मौत के पीछे की असल वजह क्या थी। इस घटना ने शाहबाजपुर गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है और लोग इस दुखद घटना के कारणों को जानने के लिए उत्सुक हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज