नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 लाख की शराब बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में बंगाल से बिहार लाई जा रही करीब 11 लाख रुपये की अवैध शराब भी बरामद की गई है। यह ऑपरेशन बिहार मध निषेध इकाई की विशेष अभियान दल ने गुप्त सूचना के आधार पर दीपनगर थाना क्षेत्र में किया।

पुलिस ने दीपनगर थाना क्षेत्र के डीटीओ ऑफिस के पास एक पिकअप वाहन को रोककर यह कार्रवाई की। वाहन में तिरपाल से ढकी हुई भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। कुल 169 कार्टन केन बीयर और 4 कार्टन अंग्रेजी शराब यानी कुल 2028 लीटर शराब जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करों के पास से एक मोबाइल फोन और पिकअप वाहन भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान पावापुरी ओपी थाना क्षेत्र के बकरा गांव निवासी महेंद्र केवट के बेटे प्रदीप कुमार और दीपनगर थाना क्षेत्र के तकिया कला निवासी रामसुख केवट के बेटे अजीत केवट के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ बिहार मध निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

दीपनगर थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल से अवैध शराब की बड़ी खेप बिहारशरीफ में अनलोड होने वाली है। इस सूचना के आधार पर हमने त्वरित कार्रवाई की और तस्करों को पिकअप वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। शराब को तिरपाल से ढककर लाया जा रहा था, लेकिन हमारी टीम ने समय रहते इन्हें धर दबोचा।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह कार्रवाई एक बड़े शराब तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी गई है और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस ऑपरेशन से तस्करी के नेटवर्क का पूरी तरह से खुलासा हो सकता है।

नालंदा दर्पण की ओर से विशेष संवाददाता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज