कतरीसरायअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

कतरीसराय थाना क्षेत्र में वकील के बंद घर का ताला तोड़ 15 लाख की चोरी

कतरीसराय (नालंदा दर्पण)। कतरीसराय थाना क्षेत्र के दरवेशपुरा गांव में बंद पड़े एक पैतृक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना में करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और 60 हजार रुपये नकद की चोरी होने का दावा किया गया है। मामले को लेकर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दरवेशपुरा निवासी अधिवक्ता शंभू शरण सिंह अपने परिवार के साथ बिहारशरीफ में रहते हैं और वहीं न्यायालय में वकालत करते हैं। शनिवार को न्यायालय का कार्य समाप्त होने के बाद जब वे अपने पैतृक घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे मिले। घर के भीतर प्रवेश करते ही कमरों का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे चोरी की आशंका गहरा गई।

पीड़ित अधिवक्ता के अनुसार चोरों ने गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, कीमती वस्त्र और 60 हजार रुपये नकद समेत लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलते ही कतरीसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.