Tuesday, February 17, 2026
अन्य

    वीटीआर जंगल सफारी 30 सितंबर तक बंद, जानें बड़ी वजह

    नालंदा दर्पण डेस्क। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में बाघों और अन्य जंगली जानवरों के प्रजनन काल की शुरुआत और मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए जंगल सफारी पर रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक लागू रहेगा।

    इस अवधि के दौरान वाल्मीकिनगर, मंगराहा और गोबर्धना में जंगल सफारी, वाल्मीकिनगर में साइकिल सफारी और गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण नौकायन जैसी पर्यटन गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके अलावा बेतिया और पटना से संचालित एक दिवसीय, दो दिवसीय और तीन दिवसीय टूर पैकेज भी इस दौरान स्थगित रहेंगे।

    वन संरक्षक-सह-क्षेत्र निदेशक डॉ. नेशामणि ने बताया कि राष्ट्रीय व्याघ्र पर्यावरण संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मानसून के दौरान इन गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।

    इस अवधि में जंगल के रास्तों की स्थिति की जांच और मरम्मत का कार्य किया जाएगा। ताकि पर्यटकों के लिए सुरक्षित और बेहतर अनुभव सुनिश्चित किया जा सके।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर तक सभी पर्यटन गतिविधियां निलंबित रहेंगी। लेकिन वाल्मीकिनगर, मंगराहा और गोबर्धना में पर्यटकों के लिए ठहरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही वाल्मीकिनगर में इको पार्क भी पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।

    डॉ. नेशामणि ने बताया कि हाल के वर्षों में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021-22 में 92264 पर्यटक वीटीआर पहुंचे थे, जो 2023-24 में बढ़कर 322071 हो गए। वहीं 2024-25 में यह संख्या 480680 तक पहुंच गई।

    प्रशासन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 2025-26 में 29 जून तक ही 57954 पर्यटक इस क्षेत्र का भ्रमण कर चुके हैं। यह बढ़ती संख्या वीटीआर की लोकप्रियता और प्राकृतिक सौंदर्य के प्रति पर्यटकों के आकर्षण को दर्शाती है।

    हालांकि, जंगल सफारी और अन्य गतिविधियां बंद रहेंगी। लेकिन पर्यटक वाल्मीकिनगर के इको पार्क का आनंद ले सकते हैं और आवास सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

    प्रशासन ने पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे मानसून के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय इन प्रतिबंधों को ध्यान में रखें। यह कदम न केवल जंगली जानवरों के प्रजनन और संरक्षण को बढ़ावा देगा, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा को भी सुनिश्चित करेगा।

    बता दें कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में स्थित है और यह अपने समृद्ध जैव-विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। पर्यटकों के लिए यह एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र है और प्रशासन का यह कदम वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

    Nalanda Darpanhttps://nalandadarpan.com/
    नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    आपकी खबरें

    error: Content is protected !!